एक इमोशनली इंटेलिजेंट पार्टनर वह नहीं है जो कभी गुस्सा न करे या जिससे कभी गलती न हो, बल्कि यह वो इंसान है जो अपनी और आपकी भावनाओं को गहराई से समझता है। अगर आपके पार्टनर में नीचे दी गई ये 5 खूबियां हैं, तो यकीन मानिए, आपने एक हीरा पा लिया है।
समझ जाते हैं ‘अनकही’ बातें
एक समझदार पार्टनर सिर्फ आपके शब्दों को नहीं सुनता, बल्कि उनके पीछे छिपे जज़्बातों को पढ़ लेता है। अगर आप कहते हैं “मैं ठीक हूं,” लेकिन आपकी आवाज़ में उदासी है, तो वो इसे नजरअंदाज नहीं करेंगे। वे आपसे पूछेंगे, “क्या बात है?” क्योंकि वे जानते हैं कि कभी-कभी चुप्पी में सबसे ज्यादा शोर होता है।
झगड़ों में नहीं करते ‘जीतने’ की जिदहर रिश्ते में झगड़े होते हैं, यह सामान्य है, लेकिन एक इमोशनली इंटेलिजेंट पार्टनर का मकसद बहस में आपको हराना नहीं होता। उनका फोकस ‘समस्या’ को सुलझाने पर होता है, न कि आप पर कीचड़ उछालने पर। वे पुरानी बातों को बीच में नहीं लाते और न ही ईगो को रिश्ते से बड़ा बनाते हैं। उनके लिए रिश्ता जीतना ज्यादा जरूरी है, बहस नहीं।
अपनी गलती मानने में शर्म नहीं करते“आई एम सॉरी”- यह तीन शब्द बोलना कई लोगों के लिए पहाड़ तोड़ने जैसा होता है, लेकिन जो भावनात्मक रूप से मजबूत होते हैं, वे अपनी गलती स्वीकार करने से डरते नहीं हैं। वे बहाने नहीं बनाते और न ही गलती का ठीकरा आप पर फोड़ते हैं। वे जानते हैं कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता, बल्कि कद और बढ़ जाता है।
वे अच्छे ‘लिसनर’ होते हैंआजकल की भागदौड़ भरी दुनिया में कोई ऐसा मिलना मुश्किल है जो सच में आपकी बात सुने। अक्सर लोग जवाब देने के लिए सुनते हैं, समझने के लिए नहीं, लेकिन एक अच्छा पार्टनर आपको तब सुनता है जब आपको अपना मन हल्का करना हो। वे बीच में टोकते नहीं और न ही बेवजह की सलाह थोपते हैं। उनका शांत रहकर सुनना ही आपको सुकून देता है।
वो आपकी भावनाओं का मजाक नहीं उड़ातेचाहे आपकी परेशानी कितनी भी छोटी क्यों न हो, वे उसे कभी भी ‘ड्रामा’ या ‘ओवर-रिएक्शन’ कहकर खारिज नहीं करते। वे आपकी भावनाओं की कद्र करते हैं, भले ही वे उस स्थिति को अलग नजरिए से देख रहे हों। वे आपको वैसे ही अपनाते हैं जैसे आप हैं, और आपको बदलने की कोशिश नहीं करते।
बता दें, परफेक्ट कोई नहीं होता, लेकिन अगर आपके पार्टनर में ये खूबियां हैं, तो आप बहुत लकी हैं। ऐसे लोग रिश्ते को बोझ नहीं, बल्कि सुकून बना देते हैं। अगर आपको ऐसा पार्टनर मिला है, तो उनकी कद्र करें।