
10 फ़रवरी 2026:- सनी देओल इस समय बॉक्स ऑफिस पर छाए हुए हैं। उनकी ‘बॉर्डर 2’ धुआंधार कमाई कर रही है। इस बीच, उनकी अगली फिल्म ‘लाहौर 1947’ की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है जो इसी साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘लाहौर 1947’ की रिलीज डेट 13 अगस्त 2026 रखी गई है। यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स ने फिल्म के विषय को ध्यान में रखते हुए ये तारीख चुनी है। बता दें कि तीन साल पहले अगस्त में सनी देओल की ‘गदर 2’ भी रिलीज हुई थी।
कब रिलीज होगी सनी देओल की ‘लाहौर 1947’:- सनी देओल और राजकुमार संतोषी सालों बाद फिर से कौलेबोरेट कर रहे हैं। उनकी फिल्म ‘लाहौर 1947’ का लगभग ढाई साल पहले ऐलान हुआ था। इसका निर्माण आमिर खान कर रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कई दमदार कलाकार नजर आएंगे। संगीत एआर रहमान का है और गाने मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। ये 13 अगस्त 2026 को रिलीज हो रही है।
‘गदर 2’ जैसा बॉक्स ऑफिस इतिहास रच पाएंगे सनी देओल:- सनी देओल ने 2023 में धमाकेदार कमबैक किया था जब उनकी फिल्म ‘गदर 2’ आई। 22 साल बाद आए ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर’ के सीक्वल ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचाया कि इसकी आंधी में सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तहस-नहस हो गए। ‘गदर 2’ बड़े पर्दे पर 11 अगस्त 2023 को रिलीज हुई थी। फिल्म भारत-पाक बंटवारे पर आधारित थी जिसमें एक हिंदुस्तानी तारा सिंह को पाकिस्तान की सकीना से प्यार हो जाता है और फिर शुरू होती है सरहदों में फंसी मोहब्बत की जंग।
किस बारे में है ‘लाहौर 1947’:- ‘लाहौर 1947’ डॉ. असगर वजाहत के मशहूर नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ पर आधारित है। ये कहानी लाहौर में सेट है जिसमें 1947 भारत-पाकिस्तान के दर्दनाक बंटवारे और उथल-पुथल के बारे में दिखाया जाएगा। यह कहानी न केवल राजनीतिक घटनाओं के बारे में है, बल्कि इसमें बंटवारे के उन भावनात्मक पहलुओं के बारे में भी बड़े पर्दे पर दर्शाया जाएगा जिसमें अपने घर और अपने प्रियजनों को खोने और पीछे छोड़ने का दर्द शामिल है।



