Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 189 जोड़ों का सामूहिक विवाह, महामाया...

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 189 जोड़ों का सामूहिक विवाह, महामाया धाम चनवारीडांड में भव्य आयोजन

0

सुरेश मिनोचा एमसीबी- खड़गवां : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत खड़गवां क्षेत्र के चनवारीडांड स्थित मां महामाया धाम में 189 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। धार्मिक और उत्सवी वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में परिजन, बाराती और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उनके साथ अनुविभागीय अधिकारी, स्थानीय सरपंच, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी वर-वधु जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न कराया गया। विभाग की ओर से प्रत्येक नवदंपति को ₹35,000 की प्रोत्साहन राशि का चेक तथा लगभग ₹15,000 का श्रृंगार एवं गृहस्थी सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों के हित में निरंतर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष योजना में विवाह के लिए किसी प्रकार की संख्या सीमा निर्धारित नहीं की गई है। जिन पात्र बेटा-बेटियों को विवाह करना है, वे महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं। विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मां महामाया के पावन धाम में सैकड़ों जोड़ों का विवाह होना सौभाग्य की बात है और यह सभी नवदंपतियों के लिए नए जीवन की शुभ शुरुआत है। मां महामाया का आशीर्वाद इन सभी पर बना रहेगा।विधायक जायसवाल ने अपने संबोधन में नवदंपतियों और उपस्थित लोगों से सड़क सुरक्षा को लेकर भी अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं। उन्होंने सभी से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट उपयोग की आदत अपनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा कई नवविवाहित जोड़ों को मंच पर चेक और उपहार सामग्री प्रदान कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह का सफल संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here