
कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर:- जिला जशपुर के बगीचा क्षेत्र स्थित रौनी घाट में आज एक बड़ी दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई। बगीचा से कुसमी (जिला बलरामपुर) जा रही शमीम बस कथित रूप से बस चालक की लापरवाही के कारण लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण कार्य में लगी गाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।
हादसे में लगभग 19 से 20 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते हालात नहीं संभलते तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। रौनी घाट जैसे संवेदनशील मार्ग पर लापरवाही ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है।



