Home छत्तीसगढ़ तालाब में मिला राहुल चौहान का शव, नाबालिगों समेत 6–7 युवकों पर...

तालाब में मिला राहुल चौहान का शव, नाबालिगों समेत 6–7 युवकों पर हत्या का आरोप

0

जांजगीर-चांपा :  जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरदेई में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां पुरेना तालाब से बरामद युवक के शव की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दर्रा निवासी राहुल चौहान के रूप में की गई। शव पर मिले गंभीर चोटों के निशानों से हत्या की आशंका जताई गई, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच में हुई। मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के अनुसार, 11 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धरदेई के पुरेना तालाब में एक अज्ञात युवक का शव तैरता मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान शव की पहचान राहुल चौहान के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच में शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के संकेत मिले। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल अपने एक दोस्त के साथ शिवरीनारायण मेले में घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने राहुल के साथ गए दोस्त से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि मेला घूमने के बाद वे शाम करीब 5–6 बजे राहुल की मौसी के घर गए थे और करीब 6 बजे वहां से निकले। इसके बाद राहुल का कोई पता नहीं चला।

जांच में सामने आया कि एक नाबालिग बालक को यह जानकारी थी कि राहुल उसकी बहन से फोन पर बातचीत करता था। इसी बात को लेकर वह नाराज था। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन नाबालिग और उसके 6–7 साथियों ने राहुल को रास्ते में घेर लिया और पहले मारपीट की। राहुल ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने मृतक के दोस्त से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की बात स्वीकार की। शिवरीनारायण पुलिस ने मामले में कोमल कर्ष (23 वर्ष) और राजवीर अनंत (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here