

सुरेश मिनोचा एमसीबी : प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के खिलाफ जांच और कार्यवाही की मांग की है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला एमसीबी में पदस्थ सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे द्वारा स्वास्थ्य विभाग में शासन के नियमों के विपरीत कर्मचारियों की संलग्नता और स्थानांतरण किये गये हैं जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। पत्र में उल्लेख है कि 220 बिस्तर अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में स्टाफ नर्सों की कमी होने के बावजूद एक नर्स को कार्यालय में संलग्न रखा गया है। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एमबीबीएस या आयुष चिकित्सकों के स्थान पर आरएमए को प्रभारी बनाया गया है।
ज्ञापन में घाघरा स्वास्थ्य केंद्र (तहसील केल्हारी) का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वहां पदस्थ महिला एवं पुरुष आरएचओ का स्थानांतरण कर दिये जाने से एक माह तक कार्य प्रभावित रहा। बाद में केल्हारी से एक अन्य आरएचओ को संलग्न किया गया। इसी प्रकार की स्थिति अन्य स्थानों पर भी होने का आरोप लगाया गया है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि सामुदायिक, प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं और सामग्रियों का अभाव है जबकि करोड़ों रुपयों के फर्जी बिल बनाकर राशि आहरित करने और आर्थिक अनियमितता करने का आरोप सीएमएचओ पर लगाया गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि डॉ. खरे के विरुद्ध पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं तथा विकलांगता प्रमाण पत्र की जांच की मांग की गई थी लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने मुख्यमंत्री से सीएमएचओ के विकलांगता प्रमाण पत्र सहित अन्य आरोपों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल हटाने और उचित कार्यवाही की मांग की है साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन किया जायेगा।



