
रायगढ़, 20 फरवरी 2026 : लोक सेवा आयोग छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को दो पालियों में किया जाएगा। रायगढ़ में परीक्षा के लिए 14 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 3515 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष संचालन के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार विस्तृत ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया।
नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम ने सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पृथक शौचालय, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सामग्री सुरक्षित रखने हेतु कर्मियों की नियुक्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को दोनों पालियों की परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके पश्चात किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश अथवा परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ब्रीफिंग सत्र में मास्टर ट्रेनर श्री राजेश डेनियल एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल ने परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। केंद्र खुलने के समय से लेकर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी, मुख्य द्वार बंद कर फोटोग्राफी, परिधान संबंधी निर्देश, जैमर की स्थापना, प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया तथा परीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली सभी औपचारिकताओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीट को कक्षवार संकलित कर बंडल बनाकर सील-पैक करने और अन्य आवश्यक प्रपत्रों की सुरक्षित सीलिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशासन ने सभी केंद्रों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।



