
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बड़ा हादसा हो गया। बच्चों से भरा स्कूल वैन पुलिया से नीचे गिर गया। दर्दनाक हादसे में वैन सवार एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, एक दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना डौंडी थाना क्षेत्र की है।
जानिए कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, आजाद पब्लिक स्कूल डौंडी की एक स्कूल वैन का चालक एक दर्जन से ज्यादा बच्चों को लेकर स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर छोड़ने जा रहा था। इस दौरान मरारटोला के पास पुल पर अचानक अनियंत्रित होकर वें नीचे गिर गया।
वाहन के नीचे गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और डौंडी पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची। वैन सवार बच्चों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गंभीर हालत में जख्मी बच्चों को दूसरे अस्पतला रिफर किया गया।
7 साल की मासूम की मौत
दर्दनाक हादसे में 7 साल की मासूम वेदांशी की मौत हो गई। दुर्घटना की खबर के बाद से ग्रामीणों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मासूम बच्ची के मौत की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे इलाके में गमगीन माहौल है।
पुलिस जांच में हादसे को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि वैन को रोज चलाने वाला चालक नहीं चला रहा था, बल्कि कोई अन्य व्यक्ति चला रहा था।
फिलहाल, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। साथ ही डौंडी पुलिस निजी स्कूल के प्रबंधन से भी घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



