
नई दिल्ली :कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने 24 घंटे पहले प्रधानमंत्री को भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता रद करने की चुनौती दी थी, लेकिन वह खामोशी से इजरायल चले गए।
भाजपा ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आपकी तरह गोपनीय छुट्टियां मनाने थाईलैंड व कोलंबिया नहीं जाते और देश की खराब छवि पेश नहीं करते।
राहुल ने एक्स पर हिंदी में अपनी पोस्ट में कहा, ‘आपको अमेरिका के साथ व्यापार समझौता रद करने की चुनौती दिए हुए 24 घंटे से ज्यादा हो गए और आप फिर खामोशी से इजरायल निकल गए। एक बार तो आप एपस्टीन के कहने पर इजरायल में नृत्य और गायन कर ही चुके हैं, अबकी बार वहां किसके कहने पर देश के हितों के विरुद्ध सौदा करके आएंगे।’
भोपाल में मंगलवार को राहुल ने कहा था, ‘अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मैं प्रधानमंत्री मोदी को व्यापार समझौता रद करने की चुनौती देता हूं, अगर उनमें साहस है.. लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाएंगे।’ भाजपा ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इजरायल में संसद को संबोधित कर रहे हैं और भारत के लिए सुदर्शन चक्र जैसी तकनीक हासिल कर रहे हैं।
पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक्स पर कहा, ‘वह गोपनीय छुट्टियों पर थाईलैंड और कोलंबिया नहीं जाते और आपके तरह देश की खराब छवि पेश नहीं करते।’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वैश्विक मंचों पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाते हैं, जबकि आप और आपका खानदान देश को बदनाम करने की साजिश रचता है। भाटिया ने राहुल से कहा कि वह पहले कांग्रेस और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के बीच कुछ वर्ष पहले किए गए मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग का विवरण उजागर करें।



