Home छत्तीसगढ़ राजधानी के VIP इलाके में चली गोली, स्पा सेंटर में मसाज नहीं...

राजधानी के VIP इलाके में चली गोली, स्पा सेंटर में मसाज नहीं करने पर बदमाशों ने की फायरिंग

0

 रायपुर : राजधानी रायपुर के वीआईपी इलाके में फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरा तालाब इलाके में एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में देर रात मसाज करने से मना करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को अगले दिन दोपहर में मिली, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे कटोरा तालाब क्षेत्र में महिला द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर और स्पा में दो अज्ञात युवक पहुंचे। दोनों युवा दुकान बंद होने के बाद भी स्पा सेवा देने की जिद करने लगे। संचालिका ने बताया कि दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुके थे। आरोपी शराब के नशे में बहस करने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखे लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। संचालिका ने घटना की सूचना अगले दिन दोपहर में सिविल लाइन थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और करीब 2 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष) निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), जो कि प्राइवेट पीएसओ है और अंगद सिंह (33 वर्ष) निवासी आदर्श नगर मोवा रायपुर जो ड्राइवर है, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here