
ज्यादातर घरों में खड़े मसालों का इस्तेमाल सब्जी में डालने के लिए किया जाता है। इनमें से एक बड़ा ही फायदेमंद मसाला है जो लकड़ी जैसा दिखता है। इस मसाले का नाम है दालचीनी, जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि मोटापा भी कम करता है।
आयुर्वेदिक में दालचीनी का इस्तेमाल एक औषधि के रूप में किया जाता है। सुबह खाली पेट दालचीना का पानी पीने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। इससे ब्लड शुगर कम होता है और वजन घटाने में असरदार साबित होता है।
आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा की मानें तो वेट लॉस के लिए दालचीनी पानी पी सकते हैं। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है। जिससे आपका शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करने लगता है। ब्लड शुगर कम होने की वजह से डायबिटीज को कंट्रोल करने में भी दालचानी फायदेमंद है। रोजाना दालचीनी का पानी पीने से कई फायदे मिलते हैं।
वजन घटाने के लिए दालचीनी का पानी
दालचीनी का पानी पीने के फायदे
मेटाबॉलिज्म तेज बनाए- दालचीनी (Cinnamon) में ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। जब मेटाबॉलिज्म सही रहता है तो शरीर कैलोरी तेजी से बर्न करता है, जिससे वजन घटाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है। सुबह खाली पेट दालचीनी का पानी पीना खास फायदेमंद माना जाता है।
ब्लड शुगर कंट्रोल- दालचीनी खून में शुगर के स्तर को संतुलित रखने में मदद कर सकती है। जब ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है तो बार-बार भूख लगना और मीठा खाने की क्रेविंग कम होती है। इससे अनावश्यक कैलोरी लेने से बचाव होता है और वजन कम करने में मदद मिलती है।
पेट की चर्बी कम- दालचीनी का पानी शरीर में जमा अतिरिक्त फैट, खासकर पेट के आसपास की चर्बी को कम करने में सहायक माना जाता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है और गैस, ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से राहत देता है, जिससे पेट हल्का महसूस होता है।
नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक- दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करते हैं। जब शरीर अंदर से साफ रहता है तो वजन घटाने की प्रक्रिया बेहतर तरीके से काम करती है और त्वचा पर भी ग्लो आता है।
इम्यूनिटी बूस्ट करे- सर्दियों के मौसम में दालचीनी का पानी पीना आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है क्योंकि इससे आपकी इम्युनिटी बूस्ट होती है और आप सर्दी खांसी जैसे संक्रमण से अपना बचाव कर सकते हैं। दालचीनी के पानी के नियमित सेवन से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है।
कैसे बनाएं और कब पिएं
एक गिलास पानी उबालें और उसमें आधा चम्मच दालचीनी पाउडर या एक छोटा टुकड़ा दालचीनी डालें। 5-7 मिनट उबालकर छान लें। हल्का गुनगुना होने पर पी लें। इसे सुबह खाली पेट या रात को सोने से पहले पिया जा सकता है।



