
27 फरवरी 2026 को बंगाली कैंप, वार्ड क्रमांक 4 स्थित श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में नए भव्य स्वागतद्वार के निर्माण हेतु शुक्रवार सुबह 10 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने पूजा-अर्चना कर स्वागतद्वार निर्माण की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि यह स्वागतद्वार मंदिर की आस्था, गरिमा और भव्यता को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा, “श्री राधा कृष्ण मंदिर नगर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। स्वागतद्वार बनने से मंदिर की सुंदरता और बढ़ेगी तथा बाहर से आने वाले भक्तों के लिए यह आकर्षण का विशेष केंद्र बनेगा। नगर पालिका मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।”
मंदिर समिति के अध्यक्ष तुलसी राय एवं सचिव बिप्लव मल्लिक ने बताया कि लंबे समय से स्वागतद्वार निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूर्ण होने जा रही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से श्रद्धालुओं में हर्ष का वातावरण है।
वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद अमृत टंडन ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने मंदिर परिसर में बनने वाले स्वागतद्वार को वार्ड के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। पार्षद अमृत टंडन ने आश्वासन दिया कि वार्ड के विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं जनहित से जुड़े हर कार्य में वे सदैव सहयोग करते रहेंगे।
इस दौरान पार्षद लक्ष्मी ठाकुर, देवकी ठाकुर, यशोदा चुन्नम, लीना सोनी, गोपीनाथ हरिजन, राजकुमार सोनी, थामस बाबू दुर्गम, के. सजी, अनिल मरकाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उपस्थित भक्तों ने मंदिर परिसर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं धार्मिक आयोजनों को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने के संबंध में चर्चा की। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई।



