Home छत्तीसगढ़ शराब के नशे में पति ने की पत्नी की हत्या,सिटी कोतवाली पुलिस...

शराब के नशे में पति ने की पत्नी की हत्या,सिटी कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

0

सुरेश मिनोचा मनेन्द्रगढ़ :  जिले के मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चनवारीडांड में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है जहां शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना 5 मार्च की है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका सुब्रतिया बाई (42 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 3 चनवारीडांड अपने दूसरे पति राज पेंटर के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी राज पेंटर शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी का गला दबा दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता के चलते घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी राज पेंटर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मृतिका के शव को पंचनामा कार्यवाही और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद और आरोपी का नशे में होना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है।सम्पूर्ण कार्यवाही में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पांडे, प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी, प्रिंस राय आरक्षक शहबाज़ की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here