
अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग के बीच आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। देश में एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) महंगा हो गया है। घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा हुआ है। तो वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर 115 रुपये महंगा हुआ है। नई कीमतें आज (7 मार्च) से लागू हो गई है।
रसोई गैस सिलेंडर के नए दाम:- अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू LPG गैस सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा, जिसकी कीमत पहले 853 रुपये थी। इसी तरह मुंबई में घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़कर अब 912.50 रुपये हो गया है, जिसके दाम पहले 852.50 रुपये थी। चेन्नई में सिलेंडर के दाम 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गए है। वहीं, कोलकाता में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अब 939 रुपये हो गई है, जो पहले 879 रुपये थी।
कमर्शियल गैस सिलेंडर के 115 रुपये तक बढ़े दाम:- घरेलू के साथ ही कमर्शियल LPG (19 किलो वाले सिलेंडर) की कीमतों में 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा। वहीं, मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 1835 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये हो गई है।
1 मार्च को भी कमर्शियल सिलेंडर के बढ़े थे दाम:- कमर्शियल सिलेंडर लगातार महंगा हो रहा है। इससे पहले 1 मार्च को भी कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े थे। दिल्ली में इसकी कीमतों में 28 रुपये की इजाफा हुआ था, जबकि अन्य महानगरों में ये 31 रुपये तक महंगा हो गया है। वहीं, 1 फरवरी को देशभर में 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं, बात घरेलू गैस सिलेंडर की करें तो इसकी कीमत पिछले साल अप्रैल महीने से ही स्थिर बनी हुई थी। 8 अप्रैल 2025 को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ाए गए थे। हालांकि अब इसमें फिर 60 रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर सीधा आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।



