संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : नगर पंचायत नगरी के विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए स्वीकृति की मांग की है। इस दौरान नगर में फोरलेन सड़क निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण, बस स्टैंड और खेल मैदान के विकास के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया गया।
जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सारवा लोक निर्माण विभाग सभापति अश्वनी निषाद सोशल मीडिया जिला प्रभारी रामगोपाल साहू ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर नगरी नगर के प्रमुख विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि नगर पंचायत नगरी के बजरंग चौक से हरदी भट्ठा चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण वर्ष 2026 के बजट में प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत 34 करोड रुपए है जिसे प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र प्रदान किए जाने की आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगरी नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए फोरलेन सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि यदि इस सड़क निर्माण को जल्द स्वीकृति मिल जाती है तो नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुगम हो सकेगी।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने नगरी नगर के प्रमुख तालाबों—गांधी सागर तालाब और गुढ़ियारी तालाब—के सौंदर्यीकरण के लिए भी राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। इन तालाबों के विकास से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को एक बेहतर पर्यटन व मनोरंजन स्थल भी उपलब्ध होगा।मुलाकात के दौरान बस स्टैंड के उन्नयन और खेल मैदान के विकास के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि नगरी नगर के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता में रखा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नगरी नगर के नागरिकों को इन विकास कार्यों का लाभ मिल सके।मुलाकात के बाद जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि शासन की सकारात्मक पहल से जल्द ही नगरी नगर को फोरलेन सड़क, तालाब सौंदर्यीकरण, बस स्टैंड और खेल मैदान विकास जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे नगर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।



