नागपुर/मनेन्द्रगढ़: भारतीय जनता पार्टी द्वारा नागपुर स्थित आर.के. पैलेस में दो दिवसीय आवासीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले द्वारा भाजपा का झंडा फहराकर की गई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और उनका एकात्म मानववाद का दर्शन भारतीय जनता पार्टी की मूल प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ संगठन की कार्यपद्धति, नीति और सिद्धांतों से भी परिचित कराते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और अनुभव को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला को कुल सात सत्रों में विभाजित किया गया था। इनमें दीप प्रज्वलन, अतिथि स्वागत, उद्बोधन और प्रशिक्षण प्रक्रिया, कार्य विस्तार, हमारी दृष्टि इतिहास विकास योग एवं प्रार्थना, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति, सरकार की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन, सोशल मीडिया, एआई, सरल एप और नमो ऐप के उपयोग सहित बूथ प्रबंधन को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में चंपा देवी पावले, द्वारिका जायसवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, डमरू बेहरा, लखन श्रीवास्तव, अरविंद अग्रवाल और राजकुमार वधावन ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी नागपुर मंडल की कार्यशाला प्रभारी श्रीमती सरोज यादव ने निभाई। इस अवसर पर नागपुर मंडल के सभी पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



