सुरेश मिनोचा कोरिया : कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के निर्देश पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. एल्विना ग्रेस टोप्पो के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर ग्राम पंचायत नगर, ग्राम मझगवां, वार्ड क्रमांक 07 चरचा एवं स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सोनहत में आयोजित किए गए, जिनमें 250 से अधिक ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
शिविरों का उद्देश्य आयुष सेवाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था। साथ ही राष्ट्रीय आयुष स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं मौसम के अनुसार आहार-विहार की जानकारी भी दी गई।
शिविरों में ग्रामीणों के बीपी एवं शुगर की जांच की गई तथा मौसमी एवं सामान्य बीमारियों के उपचार हेतु निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही योगाभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग करने की सलाह दी। स्थानीय जनसहयोग से शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे शिविरों की अपेक्षा जताई।



