बिहार में अचानक मौसम ने करवट ले ली है. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है. बेतिया और बगहा के इलाकों में जहां तेज आंधी के साथ ओले गिरे, वहीं पटना समेत कई शहरों में बादल छाए हुए हैं और हवाओं की रफ्तार तेज हो गई है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे भारी:- मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण और वैशाली में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ भारी बारिश को लेकर अगले तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पूरे राज्य के 38 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है.
10 जिलों में तेज हवाएं, 60 KM/H तक रफ्तार:- मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इससे पेड़ गिरने, होर्डिंग उड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई गई है.
क्यों बदला मौसम? जानिए वजह:- मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और एक सक्रिय ट्रफ लाइन जिम्मेदार है. इसके साथ ही दिन के समय बढ़ती गर्मी से वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है, जो आंधी और बारिश को बढ़ावा दे रही है.
सतर्क रहने की सलाह:- मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. बदलते मौसम के इस मिजाज ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और बारिश ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है. आने वाले घंटों में हालात और बदल सकते हैं, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है.



