घी सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह स्किन केयर में भी काफी फायदेमंद माना जाता है. खासकर होंठों की देखभाल के लिए घी से बना लिप बाम एक आसान और नेचुरल उपाय है, जो होंठों को गहराई से मॉइस्चराइज कर उन्हें सॉफ्ट और गुलाबी बनाने में मदद करता है.
अगर आप नेचुरल तरीके से होंठों को सॉफ्ट और गुलाबी बनाना चाहते हैं तो घर पर बना घी का लिप बाम आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. इस खबर में हम आपको घी से लिप बाम बनाने का आसान तरीका बताएंगे.
घी से लिप बाम बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है?
4 बड़े चम्मच घी
2 बड़े चम्मच नारियल तेल लें
1 बड़ा चम्मच शहद लें
कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल (जैसे पुदीना या लैवेंडर तेल)
घर पर घी से लिप बाम बनाएं कैसे?
- सबसे पहले एक छोटे बर्तन में घी और नारियल तेल लें और हल्का गैस कर पिघलाएं और उसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें.
- जब यह मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए तो इसमें शहद डालें और अच्छे से मिला लें.
- अंत में अपनी पसंद का एसेंशियल ऑयल डालें और फिर इसे अच्छे से हिलाएं.
- तैयार मिश्रण को किसी छोटे कंटेनर या लिप बाम ट्यूब में डाल दें और फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें.
- कुछ ही घंटे में आपका नेचुरल लिप बाम तैयार हो जाएगा.
इन बातों का रखें ध्यान
पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
लिप बाम को हमेशा किसी साफ कंटेनर में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें. बेहतर होगा कि आप इसे फ्रिज में रखें.
घी से बने लिप बाम के फायदे
घी से बना लिप बाम होंठों को गहराई से मॉइस्चराइज करता है. यह होंठों की देखभाल का एक नेचुरल और केमिकल-फ्री तरीका है, जिससे एलर्जी का खतरा भी कम रहता है. यह लिप बाम होंठों को हल्का गुलाबी और ग्लोइंग बनाता है. बेहतर रिजल्ट के लिए इसे दिन में 2–3 बार लगाएं, खासकर रात को सोने से पहले.



