बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है। पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति को बीच सड़क लाठी-डंडों और मुक्कों से इस कदर पीटा गया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रंजिश का खूनी अंजाम
मृतक की पहचान मोहन पांडे (निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, हाल मुकाम गनियारी भादम) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजा राम साहू (21) ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहन पांडे को घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुराना विवाद इस हत्याकांड की वजह बना।
सरेआम पिटाई, मौके पर मौत
हमला इतना बेरहमी से किया गया कि मोहन पांडे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हिंसा में शरद कौशिक (निवासी गनियारी) भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सवाल कायम
घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी राजा राम साहू को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने टीम गठित कर दी है।
एफएसएल टीम जुटी, सबूत खंगाले जा रहे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे बड़ा सवाल
दिनदहाड़े इस तरह की वारदात क्या संकेत देती है?
क्या अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है, या फिर सिस्टम की मौजूदगी ही अब सिर्फ कागजों तक सिमट रही है?



