आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और सोशल मीडिया के दिखावे वाले दौर में सच्ची दोस्ती मिलना किसी लॉटरी जीतने से कम नहीं है। हमारे पास सोशल मीडिया पर सैकड़ों फ्रेंड्स और फॉलोअर्स हो सकते हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में साथ खड़े होने वाले गिने-चुने ही होते हैं।
अक्सर हम अपनी दोस्ती को हल्के में ले लेते हैं, लेकिन कुछ खास संकेत बताते हैं कि आपका दोस्त सिर्फ एक साथी नहीं, बल्कि आपके लिए एक ब्लेसिंग है। अगर आपकी दोस्ती में भी ये 5 संकेत दिखते हैं, तो यकीन मानिए आप दुनिया के सबसे खुशनसीब लोगों में से एक हैं।
बिना फिल्टर के बात कर पाना
सच्ची दोस्ती की पहली पहचान यह है कि वहां आपको परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं होती। अगर आप अपने उस दोस्त के सामने अपनी नाकामियों, बेवकूफी भरी बातों और अपने डर को बिना किसी झिझक के शेयर कर सकते हैं, तो आप लकी हैं। जहां आपको अपनी बात कहने से पहले शब्दों को तौलना न पड़े और जहां आपकी खामोशी को भी समझा जाए, वही रिश्ता सबसे गहरा होता है।
आज के दौर में लोग दूसरों की तरक्की से जलते हैं, लेकिन एक सच्चा दोस्त आपकी सफलता को अपनी जीत मानता है। अगर आपके दोस्त की आंखों में आपकी प्रमोशन, आपकी नई कार या आपकी छोटी सी उपलब्धि पर सच्ची चमक दिखती है, तो वह इंसान आपके लिए हीरा है। वे आपकी क्षमता पर तब भी भरोसा करते हैं, जब आप खुद हार मान चुके होते हैं।
एक लक’ दोस्ती वह नहीं है जहां दोस्त हमेशा आपकी हां में हां मिलाए, बल्कि सच्चा दोस्त वह है जो आपको गलत रास्ते पर जाने से रोके। अगर आपका दोस्त आपकी गलती पर आपको अकेले में डांटने या आईना दिखाने की हिम्मत रखता है, तो समझ लीजिए कि वह आपका शुभचिंतक है। वे आपको खुश करने के लिए झूठ नहीं बोलते, बल्कि आपको बेहतर इंसान बनाने के लिए कड़वा सच बोलते हैं।
जिंदगी में कई बार पढ़ाई, नौकरी या शादी की वजह से दोस्त दूर हो जाते हैं। लेकिन अगर आप महीनों या सालों बाद भी जब उनसे मिलते हैं या फोन पर बात करते हैं, तो आपको ऐसा लगता है जैसे कल की ही तो बात थी, तो समझिए आपकी दोस्ती खास है।
बिना किसी जजमेंट के सपोर्ट
हम सभी से गलतियां होती हैं। एक अच्छा दोस्त आपकी गलती पर आपको जज नहीं करता, बल्कि उस स्थिति से बाहर निकलने में आपकी मदद करता है। चाहे आधी रात को ब्रेकअप का दुख बांटना हो या आर्थिक तंगी में बिना मांगे मदद का हाथ बढ़ाना, अगर आपका दोस्त हर हाल में आपके पीछे चट्टान की तरह खड़ा है, तो आप वाकई लकी हैं।



