सुरेश मिनोचा मनेंद्रगढ़ : जिला एमसीबी/ भीषण गर्मी को देखते हुए जनसेवा की भावना से एक सराहनीय पहल करते हुए भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी आर. पी. मीरे के मार्गदर्शन में तथा राज्य आयुक्त के निर्देशानुसार 26 मार्च से पूरे छत्तीसगढ़ में संचालित किए जा रहे अभियान का हिस्सा है।प्राप्त निर्देशों के अनुरूप मानेंद्रगढ़ जिला संघ द्वारा शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, मनेंद्रगढ़ में इस सेवा कार्य की शुरुआत की गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य अर्चना वैष्णव, व्याख्याता टी. विजय गोपाल राव, राजीव सोनी, दिलीप जायसवाल, संतोषी, संतोष यादव सहित अन्य शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विकास खंड सचिव जितेंद्र सिंह, जिला क्लब प्रशिक्षक राजेंद्र मिश्रा और अजय कुमार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। साथ ही गाइड की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक इस सेवा कार्य में भाग लिया और राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया।इस प्याऊ के माध्यम से राहगीरों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल रही है। यह पहल न केवल सामाजिक सहयोग का उदाहरण है, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को भी प्रोत्साहित करती है।स्थानीय नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी साबित होती है और समाज में सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करती है।



