Home क्रिकेट ओपनिंग मैच जीतकर विराट का बयान: ‘टीम के लिए 120% देने आया...

ओपनिंग मैच जीतकर विराट का बयान: ‘टीम के लिए 120% देने आया था’

0
 

नई दिल्ली: देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने IPL के 19वें सत्र का विजयी आगाज किया।टूर्नामेंट के ओपनिंग मुकाबले में आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर चैंपियन जैसी शुरुआत की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में बेंगलुरु ने 26 गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के स्टार विराट कोहली का जलवा देखने को मिला।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले ही मैच में विराट कोहली ने 38 गेंदों पर 69 रनों की आतिशी पारी खेलकर यह साबित कर दिया कि शेर भले ही कुछ समय के लिए शांत हो, पर वह शिकार करना नहीं भूलता। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 गगनचुंबी छक्के और इतने ही चौके जड़े।

सबसे खास बात यह है कि पिछले साल के आईपीएल फाइनल के बाद कोहली अपना पहला टी20 मैच खेल रहे थे। 10 महीने के इस लंबे अंतराल के बावजूद उनकी बल्लेबाजी में रत्ती भर भी जंग नहीं दिखी। मैच के बाद कोहली ने अपनी इस निरंतरता और ‘मेंटल फ्रेशनेस’ का श्रेय समय-समय पर लिए जाने वाले ब्रेक्स को दिया।

ब्रेक से कैसे विराट कोहली को मिलता है फायदा?

जब कोहली (Virat Kohli) से मैच के बाद ये पूछा गया कि क्या इतने लंबे समय तक टी20 न खेलने से तैयारी में कमी होने का डर रहता है, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा,

पिछले 15 सालों से हमारा जैसा शेड्यूल रहा है, मेरे लिए हमेशा ‘बर्नआउट’ (मानसिक थकान) का खतरा ज्यादा था, न कि तैयारी कम होने का। ये छोटे-छोटे ब्रेक मुझे मानसिक रूप से तरोताजा और खेल के प्रति उत्साहित रखते हैं।

विराट कोहली

37 साल के कोहली ने साफ किया कि वह मैदान पर सिर्फ नाम के लिए नहीं उतरते। उनके लिए टीम में जगह घेरे रखने से कहीं ज्यादा जरूरी परफॉर्म करना है। उन्होंने कहा कि बैकग्राउंड में कड़ी मेहनत जारी रहती है। ब्रेक के बाद वह पहले से ज्यादा भूखे होकर लौटते हैं।

कोहली के अनुसार,

मैं जब भी लौटता हूं, 120% तैयारी के साथ आता हूं। मैं सिर्फ जगह भरने के लिए नहीं, बल्कि टीम की जीत में योगदान देने के लिए खेलता हूं। ज्यादा आराम से मुझे मानसिक रूप से तरोताजा होने में मदद मिली। अगर आप शारीरिक और मानसिक रूप से तरोताजा होकर खेलते हैं तो टीम के लिए योगदान दे सकते हैं और यही हर खिलाड़ी करना चाहता है।

कोहली ने ये भी शेयर किया कि हालांकि उन्होंने महीनों से टी20 नहीं खेला था, लेकिन हालिया वनडे सीरीज में उनकी बल्लेबाजी ने उन्हें लय बनाए रखने में मदद की। उन्होंने कोई भी ऐसा शॉट नहीं खेला जो उनकी शैली से बाहर हो, बस अपनी फिटनेस और बेसिक तकनीक पर भरोसा रखा।

साथ ही देवदत्त पडिक्कल की 26 गेंद में 61 रन की पारी को शानदार बताते हुए किंग कोहली ने कहा कि मैं पावरप्ले में आक्रामक खेलना चाहता था, लेकिन जब मैंने उसे इस तरह खेलते देखा तो उसे ज्यादा स्ट्राइक देने की कोशिश की।

IPL 2026: हैदराबाद की शुरुआत रही खराब

हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही थी। आरसीबी के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने शुरुआती ओवरों में घातक गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। 30 रन के भीतर तीन विकेट गिरने से हैदराबाद दबाव में आ गई। अभिषेक शर्मा (7), ट्रेविस हेड (11),और नीतिश रेड्डी (1) का बल्ला नहीं चला। वहीं, कप्तान इशान (80) और अनिकेता वर्मा (43) ने टीम को संभाला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here