एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाडा किरंदुल :नगर पालिका किरंदुल में अस्थाई दखल शुल्क की अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, नगर पालिका परिषद द्वारा टेंडर के जरिए ठेकेदार को यह काम सौंपा गया है, जिसमें नियम के मुताबिक 10 चक, 12 चक एवं 6 चक वाले लोडिंग वाहनों से मात्र ₹50 प्रति वाहन वसूलने का प्रावधान है। ठेकेदार को रसीद भी ₹50 का ही जारी करना होता है।
लेकिन आरोप है कि नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए प्रति वाहन ₹250 वसूल रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रसीद पर पहले ₹50 छपा होता है, जिसे बाद में कलम से 250 कर दिया जाता है। इस फर्जीवाड़े की लिखित शिकायत नगर पालिका में की जा चुकी है,
लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि यह अवैध वसूली कौन भरेगा? क्या इसी तरह ठेकेदारों द्वारा जनता को लूटा जाता रहेगा? उन्होंने मांग की है कि तुरंत जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
जब इस मामले में नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा, “जांच की जाएगी। यदि दोषी पाए गए तो उचित कार्रवाई की जाएगी।”
कांग्रेस का अल्टीमेटम
इस मुद्दे पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र राय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, “यह फर्जीवाड़ा है। अगर एक सप्ताह के अंदर इस अवैध वसूली की जांच नहीं हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो हम धरना देंगे।”
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू रेड्डी, पार्षद अमित टंडन और वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद ए. अनिल भी उपस्थित थे।

जनहित मुद्दा
यह मामला सिर्फ एक ठेकेदार की मनमानी नहीं, बल्कि नागरिकों के हक का सवाल है। नगर पालिका की लापरवाही और ठेकेदार की लूट से आम ट्रक-वाहन चालकों का शोषण हो रहा है। जनता अब प्रशासन से सख्त और समयबद्ध कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।
अपडेट: यदि एक सप्ताह में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन की तैयारी चल रही है। हम इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं और आगे की खबरों से आपको अवगत कराएंगे।



