Home छत्तीसगढ़ जीवनदीप समिति की बैठक सम्पन्न, अस्पताल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर लिए गए...

जीवनदीप समिति की बैठक सम्पन्न, अस्पताल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

0

साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था एवं सीटी स्कैन सुविधा पर विशेष जोर

सुरेश मिनोचा एमसीबी: मनेंद्रगढ़ में जीवनदीप समिति की बैठक एसडीएम एवं समिति अध्यक्ष लिंगराज सिदार के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरीजों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए दवा भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को होने वाली असुविधा को देखते हुए सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया कि पार्किंग के लिए उचित स्थान चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित की जाए, जिससे अस्पताल परिसर में यातायात सुगम बना रहे। इसके अतिरिक्त बैठक में सीटी स्कैन जैसी अति आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने एवं सुविधा प्रारंभ करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्यों को पूर्ण करें। बैठक में जीवनदीप समिति के सदस्य राम धुन जायसवाल, रिशु अग्रवाल, संजीव सिंह, श्रीमती गीता पासी एवं जयंतीलाल यादव सहित अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, अस्पताल स्टाफ, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा विश्वास व्यक्त किया गया कि समिति के निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आमजन को बेहतर एवं सुलभ उपचार सुविधाएं प्राप्त होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here