Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर में ब्लैक मार्केटिंग का खेल बेनकाब, 54 गैस सिलेंडर बरामद

बिलासपुर में ब्लैक मार्केटिंग का खेल बेनकाब, 54 गैस सिलेंडर बरामद

0

बिलासपुर : अमेरिका,इजरायल और ईरान युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट में जो कुछ घट रहा है, उसका फायदा रसोई गैस सिलेंडर की कालाबजारी करने वाले जमकर उठा रहे हैं। कलेक्टर की लगातार समझाइश के बाद भी ब्लैक मार्केटिंग के धंधे पर रोक नहीं लग पा रही है। खाद्य विभाग की टीम ने रेड मारकर महामाया गैस रिपेयरिंग और विजय स्टील दुकान से 54 गैस सिलेंडर जब्त किए। यहां रिपेयरिंग और स्टील दुकान की आड़ में ब्लैक मार्केटिंग का गोरखधंधा चल रहा था।

युद्ध के कारण हालात अभी अनुकूल नजर नहीं आ रहे हैं। यही कारण है, उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा जारी गाइड लाइन जारी किया गया है। गैस एजेंसी संचालकों को भी उपभोक्ताओं को 25 दिन के बाद सिलेंडर के लिए नंबर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने घरेलू गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग पर अंकुश लगाने और सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।

गैस रिपेयरिंग की आड़ में, रिफिलिंग का गोरखधंधा

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया, सरकंडा के सीपत चौक में महामाया गैस चूल्हा सुधारक और गर्ल्स हॉस्टल संचालक लव निमेष जायसवाल गैस चूल्हा रिपेयरिंग की आड़ में सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहा था। सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान उसके पास से 14.2 किलो के 19 भरे हुए और कुछ आंशिक भरे घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा 5 किलो के 35 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर भी बरामद किए गए। मौके से 7 रिफिलिंग नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

विजय स्टील में छापमार कार्रवाई

जांच के दौरान टीम ने विजय स्टील की दुकान पर छापा मारा। दुकान का संचालक संटी अग्रवाल बर्तन दुकान की आड़ में अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेच रहा था। छापेमारी के दौरान दुकान से 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तौल मशीन जब्त की गई। जांच में यह भी सामने आया, बिना अनुमति के गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर अवैध बिक्री की जा रही थी, जिससे सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही थी और लोगों की जान-माल को खतरा हो सकता था। टीम ने सभी सामान को जब्त कर सुरक्षित रखा और मौके से गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन को रोककर संबंधित एजेंसी को सौंप दिया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here