कोरिया : मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 का असर जिले में साफ दिखाई देने लगा है। वर्षों से लंबित बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं को इस योजना के तहत बड़ी राहत मिल रही है।
जिले में कुल 33 करोड़ 61 लाख रुपये की बकाया बिजली राशि के भुगतान के लिए 15,166 उपभोक्ताओं ने योजना में पंजीकरण कराया है। इसके तहत उन्हें करीब 15 करोड़ 74 लाख रुपये की छूट प्रदान की गई है। छूट के बाद भी उपभोक्ताओं ने आगे बढ़कर 1 करोड़ 42 हजार रुपये का भुगतान कर दिया है।
योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के निम्नदाब उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिल रहा है। इन उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट के साथ-साथ मूल राशि में भी निर्धारित प्रतिशत की राहत दी जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। बीपीएल उपभोक्ताओं को पंजीयन के समय कोई अग्रिम राशि जमा नहीं करनी पड़ती, जबकि घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को न्यूनतम 5 प्रतिशत राशि जमा करनी होती है। शेष राशि को आसान किस्तों में चुकाने की सुविधा दी गई है। इस योजना की खास बात यह है कि पहली बार मूल राशि में भी छूट दी जा रही है। साथ ही किस्तों में भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य के बिजली बिलों में सरचार्ज से भी राहत मिलेगी।
जिले के कई उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि कम की है। उदाहरण के तौर पर, कुछ उपभोक्ताओं को आधे तक बिल में छूट मिली, जिससे उन्हें आर्थिक राहत के साथ मानसिक सुकून भी मिला है।
बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप, कार्यालयों में हेल्पडेस्क और विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।



