आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर सोमवार दोपहर हादसा हुआ. घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव के पास की है. सड़क पार कर रही बच्ची को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी. टक्कर काफी जोरदार थी. हादसे के बाद बच्ची सड़क पर गिर गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची:- हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत उठाया. इसके बाद इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी मातम का माहौल है.
पांचवीं की छात्रा थी सुधा:- मृत बच्ची की पहचान सुधा कुमारी के रूप में हुई है. वह चरपोखरी थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव निवासी सुमन कुमार की बेटी थी. उसकी उम्र करीब 8 साल थी. वह गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ती थी. सुधा पांचवीं कक्षा की छात्रा थी. परिवार वालों ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी अच्छी थी.
लंच में घर लौट रही थी:- परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह सुधा स्कूल गई थी. दोपहर में लंच होने के बाद वह खाना खाने घर लौट रही थी. तभी सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी. हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला.
चालक मौके से फरार:- हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोगों में काफी गुस्सा देखा गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. साथ ही फरार चालक और वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.



