रायगढ़ : राम गोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक लेकर महिला सुरक्षा और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित आपराधिक मामलों को विशेष अभियान चलाकर आगामी एक माह के भीतर शून्य करने का लक्ष्य तय किया गया।
बिलासपुर रेंज में आयोजित इस समीक्षा बैठक में लंबित गंभीर अपराधों जैसे लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा कर शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न जिलों के एसपी और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के तहत महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 60 दिनों से अधिक लंबित मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए और 60 दिन के भीतर वाले मामलों में साक्ष्य संकलन कर समय-सीमा में जांच पूरी की जाए।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन पर विशेष चर्चा हुई। आईजी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।



