Home छत्तीसगढ़ संवाद से समाधान” बना जनविश्वास का महाअभियान:नारायणपुर में साल वृक्ष के नीचे...

संवाद से समाधान” बना जनविश्वास का महाअभियान:नारायणपुर में साल वृक्ष के नीचे लगा शिविर में 10 गांवों का उमड़ा जनसैलाब

0

सुरेश मिनोचा एमसीबी : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड मनेंद्रगढ़ की ग्राम पंचायत नारायणपुर में आयोजित विशाल जनसमस्या निवारण शिविर जनसेवा, संवेदनशील प्रशासन और सुशासन का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। “संवाद से संपूर्ण समाधान” की थीम पर आयोजित इस शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की ऐतिहासिक भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में शासन के प्रति विश्वास, प्रशासन की सक्रियता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की झलक स्पष्ट दिखाई दी। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, जिला पंचायत उमउइमत रामजीत लकड़ा, जनपद सदस्य रविशंकर वैश्य, सीता देवी आयाम, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राम पंचायत बौरीडांड, चनवारीडांड, चौघड़ा, तेंदूडांड, पाराडोल, बंजी, बुंदेली, नारायणपुर, छिपछिपी और भौंता से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान जनभागीदारी और उत्साह का सकारात्मक वातावरण बना रहा।

शिविर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बिहान योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, क्रेडा तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक और उपयोगी स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया। स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। शिविर में 536 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, प्रधानमंत्री आवास की चाबी तथा आधार कार्ड अपडेट जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही पांच हितग्राहियों को छड़ी वितरित की गई। योजनाओं का लाभ सीधे मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान सावित्री, सोनाबाई, सुषमा, सीता और पूनम बैगा की गोद भराई की रस्म पूरी कर मातृ वंदना योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं सौरव और अंजली का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा 10 बच्चों को गणवेश वितरित किए गए। इन भावनात्मक पलों ने शिविर को सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता का विशेष स्वरूप प्रदान किया। अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि अब शासन केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है।उन्होंने कहा, “मैं यहां भाषण देने नहीं आया हूं, बल्कि मुख्यमंत्री ने मुझे यह देखने भेजा है कि शिविरों में जनता की समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में इस क्षेत्र को लगभग 3000 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगातार सड़क निर्माण हो रहा है, बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है तथा वन अधिकार पट्टा धारकों के सर्वे का कार्य भी जारी है। 10 पंचायतों में 13 नई सड़कों की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से बैंक खातों में ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बन चुका है।जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशवंती सिंह ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।वहीं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा ने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन गया है। आज प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका समाधान कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनहित सर्वाेच्च प्राथमिकता बन चुके हैं।

एसडीएम लिंगराज सिदार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा लंबित मामलों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, बौरीडांड सरपंच निविष लड़का, चौघड़ा सरपंच मानकुंवर, चनवारीडांड सरपंच सोनू सिंह, तेंदूडांड सरपंच मायावती बैगा, पाराडोल सरपंच फूलमती, बंजी सरपंच देव कुमार, बुंदेली सरपंच हेमा, नारायणपुर सरपंच जमुना बाई, छिपछिपी सरपंच समरिया, भौंता सरपंच अमृत सिंह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली सिंह, तहसीलदार श्रुति धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल संयोजक संजय श्रीवास्तव ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here