Home छत्तीसगढ़ खबर का असर: कबाड़ माफिया को VIP ट्रीटमेंट पड़ा भारी, SSP ने...

खबर का असर: कबाड़ माफिया को VIP ट्रीटमेंट पड़ा भारी, SSP ने दो पुलिसकर्मियों को किया लाइन अटैच

0

बिलासपुर  : बिलासपुर के कोनी थाने के भीतर कबाड़ माफिया को VIP ट्रीटमेंट दिए जाने की खबर हमने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने एक्शन लेते हुए प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, VIP ट्रीटमेंट से जुड़ी तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में कबाड़ कारोबारी अकबर खान को कोनी थाने के भीतर आराम से बैठकर चाय पीते हुए देखा जा सकता है। तस्वीर में पुलिसकर्मी भी उसके आसपास मौजूद नजर आ रहे हैं। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल रिपोर्ट तलब की और प्रारंभिक जांच के बाद दोनों पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि अवैध कारोबारियों की VIP खातिरदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संरक्षण देने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बताया जा रहा है कि कोनी थाना क्षेत्र में अवतार पैलेस के सामने संचालित कबाड़ दुकान को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही बिलासपुर एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कोनी थाना क्षेत्र की इस कबाड़ दुकान पर कार्रवाई के नाम पर पुलिस ने महज धारा 170 बीएनएस (BNS) के तहत औपचारिक कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी।

वहीं इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल का भी बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोई VIP ट्रीटमेंट नहीं दिया गया था, बल्कि दस्तावेजों की जांच के लिए उसे थाने बुलाया गया था। साथ ही पुलिस ने यह भी दावा किया है कि विवादित कबाड़ दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here