Home छत्तीसगढ़ NHM भर्ती प्रक्रिया में प्रशासनिक लापरवाही, CMHO और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को...

NHM भर्ती प्रक्रिया में प्रशासनिक लापरवाही, CMHO और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को नोटिस

0

मुंगेली  : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संविदा भर्ती प्रक्रिया में हुई देरी और प्रशासनिक लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जारी नोटिस के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा स्वीकृत संविदा पदों पर भर्ती के लिए शासन स्तर से पूर्व में अनुमति प्राप्त होने के बावजूद निर्धारित समयावधि में पदपूर्ति नहीं की जा सकी, जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। नोटिस का जवाब 03 दिनों के भीतर प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

जारी नोटिस में आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड निर्माण के लक्ष्यों की पूर्ति, गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजों की पहचान एवं उपचार, डीएमएफ प्रस्तावों की जानकारी, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भूमि आबंटन तथा भवन निर्माण, झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई, टीकाकरण एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त की गई है।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा भी भर्ती प्रक्रिया को समय पूर पूर्ण करने एवं पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की मंशानुसार सभी चयन प्रक्रियाएं निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमसम्मत ढंग से पूर्ण की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here