मनेन्द्रगढ़ :आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार और थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जायेगी। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।बैठक में मौजूद नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी अपने सुझाव रखे गए। प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करने का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी विश्वास का वातावरण बनाए रखना रहा।



