पटना की सड़कों पर एक बार फिर तेज रफ्तार और स्टंटबाजी ने एक युवक की जान ले ली. पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी होली फैमिली हॉस्पिटल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक राइडर की मौके पर ही मौत हो गई. युवक बेहद तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था और स्टंट कर रहा था, तभी अचानक कंट्रोल खो बैठा और बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक करीब 6 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
‘स्टंट राइडर’ था युवक, इंस्टाग्राम पर थे खतरनाक वीडियो:- मृतक की पहचान पाटलिपुत्र कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय रहीस के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रहीस को बाइक स्टंट का बेहद शौक था और वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहता था. इंस्टाग्राम पर उसकी आईडी ‘the hell rider 26’ के नाम से थी, जहां उसने बाइक स्टंट के कई खतरनाक वीडियो पोस्ट कर रखे थे. घटना के समय भी वह तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए दानापुर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया. हादसे के बाद बाइक और राइडर दोनों अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे. इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी:- सूचना मिलने पर पाटलिपुत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.



