Home छत्तीसगढ़ BSP के लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा, पुलिस ने सील किया...

BSP के लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा, पुलिस ने सील किया गोदाम, भारी वाहन जब्त

0

 दुर्ग :  जिले के अकलोरडीह गांव में भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया। मौके पर मौजूद लोहे का जखीरा और भारी मशीनों को देखकर पुलिस व जांच टीम हैरान रह गई। वहीं अब भिलाई इस्पात सयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। माना जा रहा है कि बिना किसी सुरक्षाकर्मी के मिलीभगत के इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं है।

भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत अकलोरडीह गांव में दुर्ग पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है और वहां खड़े करीब एक दर्जन भारी वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चैन माउंटेन जैसे भारी उपकरण शामिल हैं।

बीएसपी के कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। चोरी का माल अकलोरडीह स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में डंप किया जाता था, जहां से उसे अन्य स्थानों पर खपाया जाता था। आरोपी डस्ट परिवहन की आड़ में इस चोरी को अंजाम दिया करते थे। इस चोरी में बीएसपी के कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

मुख्य आरोपी और गोदाम संचालक फरार

बीएसपी परिसर और आसपास करीब 400 सीसीटीवी कैमरे तथा 1200 से अधिक सीआईएसएफ जवानों की तैनाती के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब तक 100 टन से ज्यादा माल जब्त किया जा चुका है। मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में अलग-अलग टीमें जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here