अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरा – जगन्नाथपुर मार्ग में एक पोल्ट्री फॉर्म के पास ट्रैक्टर में प्रतिबंधित अर्जुन पेड़ का गोला भरा हुआ मिला,जिसकी सूचना पर वन विभाग की उड़नदस्ता की टीम ने गुरुवार रात मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर लकड़ी से भरे ट्रेक्टर ट्रॉली को जप्त किया गया।जानकारी के अनुसार कार्यवाही के दौरान बबलू निषाद नामक लकड़ी तस्कर जो शराब के नशे में था उसने वन विभाग के कर्मचारी और अवैध लकड़ी तस्करी करने की सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार किया।
विभाग द्वारा कड़ी कार्यवाही नहीं करने से लकड़ी तस्कर का हौसला इतना बढ़ गया है कि गुरुवार की रात कार्यवाही के दौरान बड़े अधिकारियों से भी निपट लेने की बात कही,जो कहीं न कहीं ये दर्शाता है कि विभागीय सुस्त रवैय्या के चलते इस प्रकार से तस्करों के हौसला बुलंद हो चुका है। कार्यवाही नहीं करने के लिए लकड़ी माफिया द्वारा बहुत प्रयास किया गया।
प्रतिबंधित लकड़ियों की बेतहाशा कटाई और फिर उसे रातों रात परिवहन कर आरा मिलों में खपाने का काम तस्करों द्वारा बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, जिसकी खबरें आए दिन निकलकर सामने आ रही है लेकिन बड़ी कार्यवाही नहीं होने से लगातार बड़ी मात्रा में बेतहाशा रूप से लकड़ियों की कटाई हो रही हैं।लकड़ी से भरे हुए ट्रैक्टर ट्राली को वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय में रखा गया हैं।



