Home देश डोनाल्ड ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने, स्वास्थ्य के साथ लंबाई और...

डोनाल्ड ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने, स्वास्थ्य के साथ लंबाई और वजन भी बताया

0

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वार्षिक स्वास्थ्य जांच के बाद व्हाइट हाउस ने उनकी मेडिकल रिपोर्ट जारी की है। राष्ट्रपति के चिकित्सक कैप्टन सीन पी. बारबाबेला ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ट्रंप ‘बेहतरीन स्वास्थ्य’ में हैं और राष्ट्रपति तथा सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के रूप में अपनी सभी जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप की व्यापक स्वास्थ्य जांच 26 मई को वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में की गई थी।

ट्रंप ने सार्वजनिक करने की दी अनुमति

टेस्ट के दौरान पिछले एक वर्ष में हुए विभिन्न डायग्नोस्टिक परीक्षणों और लैब रिपोर्टों की समीक्षा की गई। साथ ही कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े 22 एक्सपर्ट डॉक्टर्स ने भी उनके स्वास्थ्य का मूल्यांकन किया। मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी परीक्षण अमेरिकी प्रिवेंटिव सर्विसेज टास्क फोर्स की सिफारिशों के अनुरूप किए गए। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वयं इन निष्कर्षों को सार्वजनिक करने की अनुमति दी है। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने कहा है कि उनकी व्यस्तता उनके अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करती है।

6 फीट 3 इंच लंबाई, 108 किलो वजन
व्हाइट हाउस द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप की लंबाई 6 फीट 3 इंच है और उनका वजन 238 पाउंड यानी कि करीब 108 किलोग्राम है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके दाहिने कान पर पुराना निशान मौजूद है, जो पूर्व में हुई गोलीबारी की घटना से मेल खाता है। मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप का हृदय, फेफड़े, तंत्रिका तंत्र और समग्र शारीरिक कार्यक्षमता उत्कृष्ट स्थिति में है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी मानसिक और शारीरिक क्षमता भी बेहद अच्छी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here