हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भले ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच हार गई हो, लेकिन हरमनप्रीत कौर ने एक नया विश्व कीर्तिमान बना दिया है। अब न्यूजीलैंड की खिलाड़ी सुजी बेट्स को पछाड़कर कौर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। अब हरमन सीधे आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में खेलने के लिए उतरेंगी, जहां भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
सुजी वेट्स को पछाड़ा, हरमनप्रीत ने खेल लिए 368 इंटरनेशनल मुकाबले
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि जैसे ही कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं, उन्होंने इतिहास रच दिया। अब वे तीनों फॉर्मेट को मिलकर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं। हरमनप्रीत का ये 368वां मैच था। इससे पहले न्यूजीलैंड की सुजी वेट्स ने 367 मैच खेले थे। हरमनप्रीत कौर अब तक सात टेस्ट मैच, 164 वनडे और 164 टी20 इंंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। हरमनप्रीत कौर इससे पहले ही मिताली राज को पछाड़कर भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं। मिताली राज ने अपने करियर में कुल मिलाकर 333 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
साल 2009 में कौर ने किया था इंटरनेशनल डेब्यू
हरमनप्रीत कौर ने अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज साल 2009 में किया था, तब उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने का मौका मिला था, उस वक्त टीम इंडिया की कप्तान झूलन गोस्वामी हुआ करती थी। हालांकि पहले मैच में कौर की बैटिंग नहीं आई, उससे पहले ही भारत ने पाकिस्तान को पीट दिया था। इंग्लैंड के खिलाफ 10 नवंबर 2009 को वे पहली बार बैटिंग के लिए उतरीं, तब उन्होंने आठ रन बनाए थे। इसके बाद उसी साल हरमनप्रीत ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल लिया था। साल 2014 में कौर को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। तब से लेकर अब तक वे भारतीय टीम का हिस्सा बनी हुई हैं।
अब तक ऐसा रहा है कौर का करियर
उनके इंटरनेशनल करियर की बात की जाए तो हरमनप्रीत ने अब तक 7 टेस्ट खेलकर 230 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल हैं। कौर ने अब तक 164 वनडे खेलकर 4541 रन बनाए हैं। हरमनप्रीत ने इस फॉर्मेट में सात शतक और 24 अर्धशतक लगाने का काम किया है। टी20 इंटनेशनल मैचों की बात की जाए तो हरमनप्रीत ने 197 मैच खेलकर 4075 रन बनाए हैं।
अब टी20 विश्व कप में खेलेंगी कौर, इतिहास रचने का है मौका
अब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में उतरने जा रही हैं। खास बात ये है कि दुनियाभर की केवल सात ही महिला खिलाड़ी ऐसी हैं, जो पहले टी20 विश्व कप से लेकर अब तक खेल रही हैं, उसमें हरमनप्रीत का भी नाम शामिल है। अब तक वे नौ विश्व कप खेल चुकी हैं और अब दसवें की बारी है। कौर इस आईसीसी टूर्नामेंट में अब तक 39 मैच खेल चुकी हैं, इसमें उन्होंने 726 रन बनाने का काम किया है। जिसमें एक शतक भी शामिल है। भारत ने अब तक टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम नहीं किया है, देखना होगा कि क्या वनडे विश्व कप की तरह हरमनप्रीत क्या ये भी काम करके अपनी कप्तानी में दिखा सकती हैं।



