विभिन्न प्रणालियों के जरिए बाहरी व्यक्तियों और संदिग्धों पर रखी जा रही पैनी नजर
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद -: जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने और अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए गरियाबंद पुलिस द्वारा एक विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बाहर से आने वाले मुसाफिरों, श्रमिकों और संदिग्ध व्यक्तियों की व्यापक चेकिंग कर उनका एक विस्तृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। इस डेटा को सीधे अत्याधुनिक प्रणालियों में संधारित (अपलोड) किया जा रहा है। हाईटेक प्रणालियों से कसी जा रही नकेल – जिले में आया हुआ कोई बाहरी व्यक्ति देश के किसी अन्य राज्य में किसी अपराध में संलिप्त तो नहीं रहा है। उसकी जानकारी तैयार किया जा रहा है। संदिग्धों की पूरी प्रोफाइल,आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की जानकारी को ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। इसके जरिए गरियाबंद पुलिस देश भर के थानों के लाइव डेटा से जुड़कर संदिग्धों की पहचान कर रही है।
मकान मालिकों और व्यापारियों के लिए निर्देश
पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर मकान मालिकों, होटल-लॉज संचालकों और ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने यहाँ किसी भी बाहरी किरायेदार, मुसाफिर या श्रमिक को रखने से पहले उनकी सूचना संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से दें। नागरिक स्वयं भी छत्तीसगढ़ पुलिस के नागरिक सेवा पोर्टल (Citizen Service Portal) के माध्यम से किरायेदारों और घरेलू सहायकों का ऑनलाइन पुलिस वेरिफिकेशन करा सकते हैं।
उद्देश्य : भयमुक्त और सुरक्षित गरियाबंद
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना, चोरी, धोखाधड़ी जैसी घटनाओं को रोकना और किसी भी बाहरी अपराधी को जिले में छिपने का मौका न देना है। गरियाबंद पुलिस की इस हाईटेक पहल से न केवल अपराधियों में खौफ पैदा होगा, बल्कि आम जनता को एक सुरक्षित माहौल मिलेगा। गरियाबंद पुलिस सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक के समन्वय से अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।



