Home छत्तीसगढ़ ‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ बनेंगे स्वच्छता के जनदूत!कोरिया में स्वच्छ भविष्य...

‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ बनेंगे स्वच्छता के जनदूत!कोरिया में स्वच्छ भविष्य की नई शुरुआत

0

कोरिया: स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में कोरिया जिले ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम ने सुशासन तिहार के अवसर पर ग्राम तरगंवा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ‘सफइता भैया’ एवं ‘सफइतिन दीदी’ शुभंकर पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत प्रत्येक परिवार, संस्था और व्यवसायिक प्रतिष्ठान को कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि गीले, सूखे, सेनेटरी और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग करना अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक आवश्यक नागरिक कर्तव्य है। जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

यह शुभंकर अब जिले में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के संदेशवाहक बनकर जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगे।

जिला प्रशासन कोरिया द्वारा तैयार किए गए ‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ शुभंकर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये शुभंकर सरल भाषा और स्थानीय परिवेश के माध्यम से लोगों को कचरा पृथक्करण, पुनर्चक्रण, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के लिए प्रेरित करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में इन शुभंकरों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत स्कूलों, मोहल्लों, ग्राम सभाओं एवं विभिन्न सामाजिक मंचों पर स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वन्दना राजवाड़े व अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस पहल को “स्वच्छ कोरिया, सुघ्घर कोरिया, समृद्ध कोरिया” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया। सभी ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श बनाने का संकल्प दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here