उमरिया :बाँधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरवा में 24 मई को हुई दुखद बाघ हमले की घटना में मृत महिला फूल बाई पति पहलू पाल के परिजनों को कुल 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशीलता एवं तत्परता के चलते मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 17 लाख रुपये तथा बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा 8 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर परिजनों को उपलब्ध कराई गई है।
24 मई को ग्राम खेरवा में बाघ ने घर में घुसकर फूल बाई पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक एवं चिंता का माहौल व्याप्त हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए। कलेक्टर उमरिया ने स्वयं मामले की सतत निगरानी करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक राहत उपायों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया गया।



