मनेन्द्रगढ़ :शहर में सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्था को लेकर गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के मुख्य बाजार क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों, पार्किंग व्यवस्था और दुकानदारों द्वारा किये जा रहे उपयोग की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले बेतरतीब खड़े वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई साथ ही नगरपालिका के पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये गये। बाजार क्षेत्र में फल और ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को भी समझाइश दी गई कि वे निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाएं ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी ना हो।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं है बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और शहर में अनुशासित व्यवस्था बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब शहर में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। लोग यातायात नियमों को लेकर पहले से अधिक जागरूक हुए हैं जो एक सकारात्मक संकेत है।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इसी तरह सहयोग बनाए रखें जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सके।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।



