कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर पत्थलगांव, 14 जून। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को देखते हुए कैनन इमेजिंग अकादमी द्वारा रविवार को पत्थलगांव स्थित होटल अर्नव रीजेंसी में एक दिवसीय सिनेमैटिक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जशपुर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और युवा प्रतिभागी शामिल हुए।कार्यशाला में कैनन ईओएस एक्सप्लोरर नीरज विश्वकर्मा एवं कैनन टेक्निकल एक्सपर्ट नरेंद्र राठौर ने प्रतिभागियों को सिनेमैटिक वेडिंग वीडियोग्राफी, कैमरा सेटिंग्स, लाइटिंग, फ्रेमिंग, स्टोरी टेलिंग, कलर ग्रेडिंग और आधुनिक फिल्म मेकिंग तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान समय में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी केवल शौक नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और करियर का एक बड़ा माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कैमरों और लेन्सों की नई तकनीकों को करीब से समझा तथा अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए। विशेषज्ञों ने सफल फोटोग्राफर बनने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ रचनात्मक सोच और निरंतर अभ्यास पर जोर दिया।
यह आयोजन जशपुर जिला फोटोग्राफर संघ के सहयोग से संपन्न हुआ। संघ के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह बेहरा, सचिव सुधीर सिंह कुशवाहा तथा कोषाध्यक्ष राजीव कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जिले के फोटोग्राफरों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है और उनके कार्य की गुणवत्ता में सुधार आता है।कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। कार्यक्रम ने युवाओं को यह संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक और रचनात्मकता के साथ फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाया जा सकता है।



