Home छत्तीसगढ़ शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और बेहतर जीवन का आधार- कलेक्टर रोक्तिमा यादव

शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और बेहतर जीवन का आधार- कलेक्टर रोक्तिमा यादव

0

कोरिया: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शासकीय बौद्धिक मंदता विशेष विद्यालय, बैकुण्ठपुर में शाला प्रवेश उत्सव 2026-27 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय में वर्तमान में कुल 23 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शिक्षा आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और बेहतर जीवन का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है तथा विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने स्कूल प्रबन्धक से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक समावेशन और जीवन कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों से संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ बच्चों के विकास में योगदान देने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि विशेष विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से ये बच्चे भी समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन और शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने भी बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here