Home छत्तीसगढ़ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कलेक्टर ने जिलेवासियों से की योग अपनाने की...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कलेक्टर ने जिलेवासियों से की योग अपनाने की अपील

0

सुरेश मिनोचा कोरिया :अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है।

कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की एक सशक्त जीवनशैली है।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए समर्पित करे, तो अनेक बीमारियों से बचाव के साथ बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और समाज में भी योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर स्वस्थ, निरोग और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें तथा योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here