बिलासपुर। (कैलाश वस्त्रकार) जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर तखतपुर स्थित मोहन वाटिका में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. धर्मजीत सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने राष्ट्रनिर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंड भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही भारत को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
विचार गोष्ठी के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राष्ट्रहित एवं संगठन की मजबूती को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।



