कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर बगीचा :सड़क दुर्घटनाओं में हो रही लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए थाना बगीचा परिसर से प्रारम्भ कर जगह जगह जशपुर पुलिस की मौजूदगी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। “आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान बाइक चालकों से बिना हेलमेट सड़क पर नहीं निकलने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाकर तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई। साथ ही रात के समय हाई बीम के अनावश्यक उपयोग से बचते हुए डिपर का प्रयोग करने की सलाह दी गई, जिससे सड़क हादसों को रोका जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करे तो कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर चन्द्रदेव ग्वाला, बालकिशुन यादव, अमृत यादव, लालू प्रसाद यादव, योगेश यादव, शशिशंकर यादव सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं थाना बगीचा पुलिस ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाया।
“सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, जीवन बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है” — इसी संदेश के साथ अभियान का समापन किया गया।



