उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार तड़के मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अलीगंज कस्बे में ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई. करंट लगने से 19 वर्षीय सैफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
कैसे हुआ हादसा:- पुलिस सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबित, जुलूस रात करीब 3:30 बजे पुरानी तहसील के पास से गुजर रहा था. रास्ते में बिजली के तार नीचे होने की वजह से कुछ लोग डंडे से तार उठाकर ताजिया निकाल रहे थे. इसी दौरान ताजिया एक तरफ झुक गई और हाईटेंशन लाइन से टच हो गया. इसके बाद पूरी ताजिया में करंट दौड़ गया और अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को अस्पताल भेजा गया:- इस हादसे में साहिल, अली हसन, आमिर, खुर्शीद, अशरफ और नसीम समेत 7 लोग झुलस गए. सभी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
प्रशासन ने जांच शुरू की:- एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि अलीगंज में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गया और हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया. करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.



