Home देश उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट,जानिए आपके शहर में...

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट,जानिए आपके शहर में कब होगी गरज-चमक के साथ बारिश

0

उत्तर प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से 26 जून 2026 को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार 26 से 28 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में लू और कहीं-कहीं भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है.

यूपी में हीटवेव अलर्ट:- मौसम विभाग के अनुसार 26, 27 और 28 जून को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी. इसके अलावा पूर्वी यूपी में अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने के संकेत है. लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

जून के अंत में बारिश के संकेत:- मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार, 29 जून से मौसम के मिजाज में बदलाव शुरू हो सकता है. इस दिन पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 30 जून से 2 जुलाई तक बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इस दौरान पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर जबकि पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं.

मौसम विभाग का नया अपडेट:- मौसम विभाग ने 30 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में गरज-चमक, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. हालांकि 29 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन पूर्वी यूपी में उस दिन भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. ऐसे में अगले तीन दिन प्रदेशवासियों को गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा, जबकि जून के आखिरी दिनों से मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला हो सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here