भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले एक दशक के शानदार रिकॉर्ड को कायम रखा हुआ है जिसमें उन्होंने लंदन में खेले गए पाकिस्तान के खिलाफ FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 के मुकाबले को 7-1 के बड़े अंतर से अपने नाम किया है। इस मैच से पहले 23 जून को भी भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान के साथ हुआ था जिसको वह 4-3 के अंतर से जीतने में कामयाब हुए थे। इस मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तानी टीम ने काफी अच्छी की थी जिसमें वह पहले क्वार्टर में 1-0 से आगे थे लेकिन दूसरे क्वार्टर से टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला और उन्होंने मैच के अंत तक इसे बनाकर रखते हुए शानदार एकतरफा जीत हासिल की।
सुखजीत ने खोला टीम इंडिया का खाता, कप्तान हरमनप्रीत ने दिलाई बढ़त
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए इस हॉकी मुकाबले के पहले हॉफ में पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद अबू ने खेल के 13वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में 1-0 से आगे कर दिया था। इसके बाद दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू होने के साथ भारतीय खिलाड़ी सुखजीत ने 20वें मिनट में शानदार गोल करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। यहां से टीम इंडिया का खेल और अधिक आक्रामक देखने को मिला जिसमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दम पर शानदार गोल करते हुए भारतीय टीम को मुकाबले में 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने पर भारतीय टीम इस मैच में 2-1 से आगे थी।
तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने किए 4 गोल, आखिरी में आया एक गोल
तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू होने के साथ ही भारतीय टीम ने 34वें मिनट में तीसरा गोल कर दिया जो हार्दिक सिंह की स्टिक से आया वहीं अगले ही मिनट जुगराज सिंह ने भी गोल कर दिया जिसके दम पर टीम इंडिया ने 4-1 की बड़ी बढ़त बना ली थी। वहीं 41वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल तो वहीं 45वें मिनट में राज कुमार पाल ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए भारतीय टीम को मैच में 6-1 के बड़े अंतर से आगे करते हुए जीत को पूरी तरह से पक्का कर दिया था, जिसमें तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम 6-1 से आगे थी। वहीं आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तानी टीम पूरी तरह से हताश नजर आई। इस क्वार्टर में भारत की तरफ से दिलप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में गोल किया, जिसके दम पर टीम इंडिया ने मुकाबला 7-1 से खत्म किया।



